प्रतिबंध के बाबजूद चंबा चौगान में पालतू कुत्ते को लेकर घूमता बच्चा।
- फोटो : Chamba
चंबा। कोरोना महामारी की तीसरी लहर से बचने के लिए जिला प्रशासन ने चौगान नंबर एक में 18 साल से कम आयु के बच्चों के प्रवेश पर रोक लगा रखी है। प्रशासन के आदेशों का लोग कितना पालन कर रहे हैं, इसको लेकर वीरवार को पड़ताल की गई।
पड़ताल में सामने आया कि प्रशासन ने आदेश तो जारी कर दिए हैँ लेकिन अभी भी लोग नाबालिग बच्चों को लेकर चौगान नंबर एक में पहुंच रहे हैं। वीरवार शाम चौगान में जहां बच्चे बिना मास्क फुटबाल खेलते देखे गए तो वहीं, अपने पालतू कुत्तों को छोटे बच्चे घुमाते दिखे। इसी बीच बच्चों को चौगान में प्रवेश न करवाने पर एक महिला पुलिस कर्मी ने भी लोगों को जागरूक किया। लेकिन, लोग मनमानी कर चौगान नंबर एक में प्रवेश कर रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक शाम के समय चौगान नंबर एक में काफी भीड़ रहती है। ऐसे में कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए प्रशासन ने चौगान नंबर एक में 18 साल से कम आयु के बच्चों का प्रवेश वर्जित किया है। गौरतलब है कि जिले में कोरोना की दूसरी लहर के बाद पॉजिटिविटी रेट कम नहीं हुआ है। बुधवार को भी कोरोना की पॉजिटिविटी रेट चार प्रतिशत के करीब पहुंच गया। बहरहाल, प्रशासन ने शहर में बढ़ती भीड़ और बच्चों के लिए खतरनाक बताई जा रही कोरोना की तीसरी लहर से निपटने के लिए चौगान नंबर एक में 18 साल से कम आयु के बच्चों के प्रवेश पर रोक लगाई लेकिन प्रशासन की ओर से जारी किए गए निर्देशों का असर दिख नहीं रहा है। लोग मनमानी करते हुए चौगान नंबर एक में प्रवेश कर रहे हैं जो किसी बड़े संकट के संकेत दे रहा है।
एसडीएम नवीन तनवर ने कहा कि चौगान नंबर एक में 18 वर्ष से कम आयु वर्ग के बच्चों के प्रवेश को बंद करवाया गया है। बावजूद इसके 18 वर्ष से कम बच्चे चौगान में प्रवेश कर रहे हैं, तो चौगान के प्रवेश द्वारों पर सूचनाएं चस्पाने सहित पुलिस गश्त को भी बढ़ाया जाएगा। कहा कि सभी के सहयोग से ही कोरोना महामारी पर अंकुश लगाया जा सकता है।
उपायुक्त डीसी राणा का कहना है कि लोगों को जारी दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित बनानी चाहिए। कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है। चौगान नंबर एक में आदेशों की अवहेलना पर कार्रवाई की जाएगी।