चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के वार्डों में तीमारदारों की भीड़ कम करने को लेकर प्रबंधन ने कार्ड सिस्टम लागू किया है। प्रबंधन की ओर से सभी वार्डों में उपचाराधीन मरीजों को 300 कार्ड जारी किए गए हैं। अब एक मरीज के साथ एक ही तीमारदार वार्ड में मौजूद रहेगा। तीमारदार को मरीज के पास जाने के लिए वार्ड में मौजूद सुरक्षा कर्मी को कार्ड दिखाना अनिवार्य होगा। इसके अलावा वार्ड के अंदर भी सुरक्षा कर्मी व स्टाफ भी समय-समय पर मरीजों के साथ बैठे तीमारदारों के कार्ड की चेकिंग करेगा। इससे जहां वार्ड में तीमारदारों की भीड़ कम होगी। वहीं कोरोना संक्रमण फैलने का भी खतरा कम होगा। मेडिकल कॉलेज की चौथी मंजिल में कुछ दिन पहले एक मरीज जांच के दौरान कोरोना पॉजिटिव पाया गया। जिसके बाद पूरे वार्ड को सील करना पड़ा। ऐसी परिस्थिति को देखते हुए भी उपरोक्त निर्णय लाभकारी साबित होगा। पहले अस्पताल में उपचाराधीन मरीजों से मिलने के लिए काफी संख्या में तीमारदार पहुंचते थे। जिस कारण वार्ड व अस्पताल के बाहर लोगों की भीड़ लगी रहती थी। इसी भीड़ को कम करने के लिए वार्ड में मरीजों से मिलने का समय निर्धारित किया गया है। इसके साथ मरीजों के साथ रुकने वाले तीमारदारों की संख्या पर भी अंकुश लगाया गया है। अब एक मरीज के साथ एक ही तीमारदार वार्ड में साथ रहेगा। ज्यादा तबीयत खराब होने पर वार्ड स्टाफ या चिकित्सक मरीज की सहायता करेंगे। इससे पहले वार्डों में ऐसी व्यवस्था नहीं थी। इस व्यवस्था को मेडिकल कॉलेज प्रबंधन ने अस्पताल के वार्डों में लागू करवा दिया है। मुख्य गेट पर सुरक्षा कर्मी तीमारदारों के कार्ड चेक करने के बाद ही उन्हें अंदर जाने देंगे।
चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर मोहन सिंह ने बताया कि मेडिकल कॉलेज के वार्डों में कार्ड सिस्टम लागू किया गया है। अब एक मरीज के साथ एक ही तीमारदार वार्ड में मौजूद रहेगा। फिलहाल प्रबंधन ने 300 कार्ड जारी किए हैं। आने वाले समय में इसकी संख्या ओर भी बढ़ाई जा सकती है।