रविवार शाम को हुआ हादसा, सभी घायल भरमौर अस्पताल में उपचाराधीन
भरमौर से अगासन की ओर जा रहे थे कार सवार, पुलिस ने हादसे की जांच की शुरू: एडीएम
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। भरमौर-ग्रीमा-अगासन मार्ग पर रविवार शाम रेटन के समीप एक आल्टो कार गहरी खाई में गिर गई। हादसे में एक महिला और पुरुष की मौत हो गई। जबकि गाड़ी में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचाया, जहां घायलों का उपचार चल रहा है।
हादसे में मारे गए लोगों के शवों को पुलिस टीम ने कब्जे में ले लिया है। साथ ही पोस्टमार्टम की औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। हादसे में मृतकों की पहचान शंकर दास पुत्र हरिया और बांको देवी पत्नी ओम प्रकाश गांव अगासन डाकघर सियूंर तहसील भरमौर जिला चंबा के रूप में हुई। हादसे में घायल लोगों में चमन लाल पुत्र सराफ, आर्यन कुमार पुत्र ओम प्रकाश, ओम प्रकाश पुत्र कौर निवासी अगासन शामिल हैं। बताया जा रहा है कि कार में सवार होकर पांच लोग भरमौर से अपने घर गांव अगासन के लिए जा रहे थे। मगर रेटन के समीप गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। गाड़ी गिरने की आवाज सुन ग्रामीण मौके पर पहुंची। सियूंर पंचायत प्रधान दुनी चंद ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। वहीं, प्रशासन की ओर से मृतकों के परिजनों को फौरी राहत दी जा रही है।
एडीएम भरमौर कुलबीर सिंह राणा ने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत और तीन लोग घायल हुए हैं। कहा कि मृतकों के परिजनों को उचित सहायता प्रदान की जाएगी।