चंबा। जिले में सोमवार को बारिश कहर बनकर बरपी। सुबह साढ़े नौ बजे कल्याणो (57) पुत्र फरंगु गांव चुकारासा अपनी कार नंबर एचपी 01 सी-1323 में सवार होकर पत्नी सुभद्रा (55) और बेटे तेज नाथ (28) के साथ धरवाला से गैहरा की तरफ जा रहे थे। दुनाली से कुछ दूर आगे भूस्खलन की जद में आने से वे कार समेत रावी नदी में समा गए।
गाड़ी को रावी में समाता देख मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घटना की सूचना प्रशासन को दी। उसके बाद एसडीएम नवीन तनवर, डीएसपी अभिमन्यु समेत पुलिस और अग्निशमन की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालांकि, रावी से महिला का शव दुनाली के पास लोगों ने रेस्क्यू कर लिया जबकि, बाप-बेटे को तलाशने के लिए देरशाम तक सर्च ऑपरेशन जारी रहा। मौके पर पहुंची राजस्व विभाग की टीम ने मृतक के परिजनों को दस हजार की फौरी राहत सौंपी।
चंबा-कोटी मार्ग पर गिरी कार, चालक की मौत
चंबा-कोटी मार्ग पर कार नंबर एचपी 73-9059 देर रात दुर्घटनाग्रस्त हो गई। दुर्घटना में चालक हितेश सिंह (27) पुत्र अजीत सिंह गांव अलूण की मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया, जहां पोस्टमार्टम के बाद उसे परिजनों को सौंपा गया। राजस्व विभाग की टीम ने मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये फौरी राहत प्रदान की। वहीं, एनएच पर पंजपुला नामक स्थान पर कार एचपी 01सी-1484 दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बनीखेत पंचायत के गांव वार्ड नंबर-चार आकाश कुमार (23) पुत्र धर्मचंद घायल हो गया। वाहन को गिरता देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और एंबुलेंस से उसे पीएचसी बनीखेत पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है।
बार-बार बंद होता रहा भरमौर-पठानकोट एनएच
बारिश से भरमौर-पठानकोट एनएच रविवार देर रात दस बजे केरू पहाड़ के पास भूस्खलन से बंद हो गया, जिसे 12 बजे बहाल किया गया। उसके बाद सोमवार सुबह साढ़े चार बजे बंद पड़े एनएच को सात बजे सुचारु करवाया गया। वहीं, साढ़े नौ बजे दुनाली के पास भारी भूस्खलन से एनएच बंद पड़ गया, जिसे दोपहर दोपहर दो बजे बहाल करवाया गया। बारिश से जिले में 15 सड़कों पर यातायात बाधित रहा। लोनिवि मंडल डलहौजी और चंबा में 15-15 जबकि तीसा-भरमौर में 5-5 मार्ग बाधित रहे, जिन्हें दोपहर बाद तक यातायात के लिए सुचारु करवा दिया गया। वहीं, बारिश से सात मकानों, दो गोशालाओं, एक रसोईघर को नुकसान पहुंचा है। दो मवेशियों की मौत हुई है।
ड्रोन से तलाशे जाएंगे रावी में लापता लोग
भूस्खलन की जद में आकर रावी में लापता हुए लोगों की तलाश के लिए पुलिस विभाग ड्रोन कैमरे का सहारा लेगा। साथ ही जलविद्युत परियोजना प्रबंधकों से भी पानी रोकने को कहा गया है।
मिडल स्कूल खडांदर में शिफ्ट किए लोग
गोला, धुलारा और मोतला पंचायतों के गांव गोला, बसोलदा, खंडादर, भियौरा और मोतला में हुए नुकसान के बाद 40 लोगों को मिडल स्कूल खडांदर में शिफ्ट किया गया। बिन्ना गांव में रसोईघर और हटली में देर रात मकान गिर गया। उसके बाद प्रभावित परिवार ने पड़ोसियों के घरों में शरण ली है।
सुकड़ाईबाई में दुकानों को पहुंचा नुकसान
एनएच पर सुकड़ाईबाई नामक स्थान पर बारिश से मिठाई विक्रेता चिंतराम निवासी सुकड़ाईबाई की दुकान और दर्जी देसराज निवासी ग्राम पंचायत टप्पर की दुकान क्षतिग्रस्त हो गई। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे पटवारी सुनील कुमार ने प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। कहा कि दुकानें और सामान क्षतिग्रस्त होने से प्रभावितों को 15 हजार की चपत लगी है। पटवारी ने अपनी रिपोर्ट तैयार कर एसडीएम डलहौजी को भिजवा दी है।
एडीएम अमित मैहरा ने का कि प्री-मानसून को लेकर एसडीएम स्तर पर बैठकों का क्रम जारी है। बैठक में प्री-मानसून के दौरान की जाने वाली तैयारियों पर विस्तार से चर्चा होती है। साथ ही लोगों से आग्रह किया जाता है कि वे नदी-नालों और खड्डों की ओर न जाएं।