सिहुंता (चंबा)। चंबा, भरमौर और होली क्षेत्र के लोग एचआरटीसी की फटाहर-न्याग्रां रूट की बस सेवा के समय में बदलाव के कारण भारी कठिनाई का सामना कर रहे हैं। इस मामले को लेकर पेंशनर वेल्फेयर एसोसिएशन सिहुंता ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री व परिवहन मंत्री मुकेश अग्निहोत्री को ज्ञापन भेजा है। इसमें मांग की गई है कि इस बस को पुरानी समयसारिणी के अनुसार चलाया जाए।
एसोसिएशन के प्रधान ओकार सिंह चौहान ने बताया कि जनहित में बस को पूर्व समय सारणी पर पुन: चलाना अत्यंत आवश्यक है, ताकि जनता को आने-जाने में सुविधा मिल सके और उनके आवागमन में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
उन्होंने बताया कि पहले यह बस शाम 5 बजे द्रम्मण से सिहुंता-चुवाड़ी होते हुए भरमौर हौर न्याग्रां के लिए रवाना होती थी। इससे शिमला, मनाली, दिल्ली और जालंधर जैसे शहरों से आने वाले यात्री आसानी से अपनी मंजिल तक पहुंच जाते थे। अब बस रात 1 बजे द्रम्मण से रवाना हो रही है, इस कारण यात्री समय पर भरमौर नहीं पहुंच पा रहे हैं और उन्हें असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।
यह बस सेवा 15 वर्षों से पुरानी समयसारिणी के अनुसार चल रही थी, लेकिन परिवहन निगम के अधिकारियों ने इसके समय में बदलाव कर लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।