चंबा। शहर के आधे से ज्यादा लोकल और लंबी दूरी के रूटों पर वीरवार को बसें नहीं चलीं। इसके चलते लोगों को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा। यात्री जिले के विभिन्न बस स्टॉप पर बसों का इंतजार करते रहे। वहीं दूसरी ओर बस अड्डे में भी यात्री बसों को लेकर भटकते रहे।
जानकारी के मुताबिक विधानसभा चुनाव के मद्देनजर 88 सरकारी बसें पोलिंग पार्टियों को विभिन्न क्षेत्रों में पहुंचाने के लिए बुक की गई थीं। इससे यातायात व्यवस्था काफी हद तक प्रभावित हुई। वहीं दूसरी ओर 12 नवंबर को भी यही बसें टीमों को विभिन्न पोलिंग स्टेशनों से लाने के लिए रवाना होंगी। ऐसे में इस दिन भी यात्रियों की दिक्कतें बढ़ सकती हैं।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव को लेकर मतदान प्रक्रिया शनिवार को होगी। इसके लिए प्रचार अब थम गया है। मतदाता भी मतदान के लिए खासे उत्साहित हैं लेकिन वीरवार को लोकल रूटों पर बसें न चलने से परेशानी हुई। लंबी दूरी के जिन रूटों पर दो-दो बसें चलाई जाती थीं, उन रूटों पर वीरवार को एक-एक बस ही दौड़ पाई। क्षेेत्रीय प्रबंधक चंबा साहिल कपूर का कहना है कि पोलिंग पार्टियों को छोड़ने के लिए 88 एचआरटीसी बसें बुक रहीं।
इस दौरान लोकल सहित लंबी दूरी के रूट प्रभावित हुए। फिर भी यात्रियों की सुविधा के लिए लंबी दूरी के रूट पर एक-एक बस चलाई गई जिससे यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।