खज्जियार(चंबा)। चंबा खज्जियार रूट पर चलने वाली एचआरटीसी की बस बीच रास्ते में खराब होने से यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यात्रियों ने बताया कि शुक्रवार को खज्जियार के लिए यह अंतिम बस थी, जो मंगला के समीप खराब हो गई।
बस में तीस से 35 यात्री सवार थे। चालक परिचालक ने बस को स्टार्ट करने के प्रयास किए। लेकिन उनके सभी प्रयास असफल रहे। हैरानी की बात तो यह है कि एचआरटीसी ने दूसरी बस भी नहीं भेजी। इस कारण यात्रियों को पैदल या टैक्सी के माध्यम से गंतव्यों तक पहुंचाना पड़ा। इसको लेकर यात्रियों में काफी रोष रहा।
जानकारी के अनुसार बस साढ़े पांच बजे न्यू बस स्टैंड चंबा से खज्जियार रूट पर दौड़ी। लेकिन मंगला के समीप पहुंचते ही बस में तकनीकी खराबी आ गई। चालक और परिचालक ने यात्रियों को बस से उतारा और बस को दुरुस्त करने की कोशिश करने लगे।
यात्री राजकुमार, सुरेंद्र सिंह, बिमला देवी, रोशन लाल, राजकुमार, राकेश कुमार, सुनील कुमार, रेखा देवी, पुष्पा देवी, संजय कुमार, सुभाष कुमार और धर्म चंद का कहना है कि एचआरटीसी ने दूसरी बस नहीं भेजी । इस कारण उन्हें परेशानियां उठानी पड़ी। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि खज्जियार रूट पर नई बसें चलाई जाएं।
इनसेट
आरएम चंबा सुभाष कुमार ने बताया कि यह मामला ध्यान में लाया गया है। उन्होंने कहा कि बस खराब होने के बाद दूसरी बस क्यों नहीं भेजी गई, इसकी पड़ताल की जाएगी।