कॉल और इंटरनेट सेवाएं प्रभावित, लोगों ने जल्द व्यवस्था सुधारने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
सरोल (चंबा)। क्षेत्र में बीएसएनएल का नेटवर्क लड़खड़ाने से उपभोक्ताओं को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मोबाइल पर कॉल करने और इंटरनेट चलाने में दिक्कत आने से लोगों के रोजमर्रा के काम प्रभावित हो रहे हैं। लंबे समय से बनी नेटवर्क समस्या को लेकर उपभोक्ताओं में नाराजगी है।
स्थानीय निवासी संजीव कुमार, राजीव कुमार, दिनेश कुमार और अजय कुमार ने बताया कि नेटवर्क सही न होने से न तो फोन पर ठीक से बातचीत हो पा रही है और न ही जरूरी काम समय पर निपटाए जा रहे हैं। उनका कहना है कि मोबाइल और इंटरनेट आज दैनिक जरूरत बन चुके हैं। इसके बावजूद नियमित भुगतान करने पर भी बेहतर दूरसंचार सुविधा नहीं मिल रही है। उपभोक्ताओं ने बीएसएनएल प्रबंधन से नेटवर्क समस्या का जल्द समाधान कर सेवाएं सुचारु करने की मांग की है। उधर, बीएसएनएल के एसडीओ रोशन ठाकुर ने बताया कि समस्या दूर करने के लिए प्रयास किए जाएंगे और सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।