राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री से की मुलाकात, सीमा सड़क संगठन को दिए तत्काल निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर चंबा-किलाड़ सड़क का मुद्दा उठाया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) को सड़क निर्माण से संबंधित विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए।
हर्ष महाजन ने केंद्रीय मंत्री के समक्ष चंबा-किलाड़ सड़क के महत्व और इससे जुड़ी आवश्यकताओं को रखा। इस पर नितिन गडकरी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीआरओ को डीपीआर तैयार करने की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस पहल से चंबा-किलाड़ सड़क परियोजना को आगे बढ़ाने की उम्मीद जगी है। सड़क की डीपीआर तैयार होने के बाद परियोजना से संबंधित आगामी प्रक्रियाओं को गति मिल सकेगी। सांसद हर्ष महाजन ने केंद्रीय मंत्री का इस मामले में सकारात्मक पहल करने के लिए आभार जताया।