इंटरनेट मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने के बाद मामला चर्चा में, शिक्षा विभाग ने स्कूल प्रबंधन से मांगी रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शिक्षा खंड मैहला के तहत एक राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में छात्रा से शौचालय साफ करवाने और विरोध करने पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल कर अपमानित करने का मामला सामने आया है।
छात्रा ने स्कूल में कार्यरत एक मल्टी टास्क वर्कर पर ये आरोप लगाए हैं। मामले से जुड़ा वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित होने के बाद शिक्षा विभाग ने संज्ञान लिया है।
छात्रा की ओर से साझा किए गए वीडियो में आरोप लगाया गया है कि उसे शौचालय साफ करने के लिए कहा गया था। मना करने पर संबंधित कर्मचारी ने कथित तौर पर जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया और अपमानजनक टिप्पणी की। वीडियो में स्कूल पहुंची एक महिला भी कर्मचारी के व्यवहार पर आपत्ति जताती नजर आ रही है। इस दौरान दोनों महिलाओं के बीच बहस भी हुई।
वीडियो में महिला ने संबंधित कर्मचारी की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए हैं। आरोप लगाया गया है कि कर्मचारी हाजिरी लगाने के बाद घर चले जाते हैं और विद्यार्थियों पर सफाई का दबाव बनाया जाता है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक विकास महाजन ने बताया कि स्कूल प्रधानाचार्य ने फोन पर मामले की जानकारी दी है। संबंधित कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने और रिपोर्ट शिक्षा विभाग को भेजने के निर्देश दिए जाएंगे। मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाएगी।