-चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए मिट्टी के ढेर पर चढ़ाया वाहन
-मुंबई के 20 पर्यटक सवार थे गाड़ी में, कोई हताहत नहीं
संवाद न्यूज एजेंसी
मंगला (चंबा)। जोत-चंबा वाया खज्जियार आ रहे विंगर वाहन की भरोड़ी में सोमवार शाम 6 बजे ब्रेक फेल हो गई। एक बड़ा हादसा टल गया। मौके पर चालक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए विंगर वाहन को मिट्टी के ढेर पर चढ़ा दिया। वाहन में मुंबई के 20 पर्यटक सवार थे। कोई हताहत नहीं हुआ।
वाहन के मिट्टी के ढेर पर टकराने से देखते ही देखते चंबा और जोत मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय लोगों संजय कुमार, प्रवीण कुमार, मनोहर लाल, रविंद्र कुमार, भुवनेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य आरंभ किया। गनीमत रही कि चालक ने सूझबूझ से बड़ा हादसा रोक लिया अन्यथा वाहन 200 मीटर गहरे नाले में गिर सकता था।