चंबा। प्रदेश की सुक्खू सरकार गरीब लोगों को मिल रही सुविधाओं को खत्म करने में लगी हुई है। पूर्व सरकार में जो 125 यूनिट गरीब परिवारों को मुफ्त मिल रही थी, उसे भी सुक्खू सरकार ने बंद कर दिया है। निजी अस्पतालों में हिमकेयर के तहत मरीजों का इलाज भी बंद कर दिया है। यह बात भाजपा प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य जय सिंह ने जिला मुख्यालय में प्रदर्शन करने के दौरान अपने भाषण में कही। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर सरकार और सदर विधायक के खिलाफ जिला मुख्यालय में जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि सदर विधायक हेलीकॉप्टर की सैर कर रहे हैं। लेकिन, चंबा की जनता मेडिकल कॉलेज में डॉक्टर और दवाई न मिलने से हताश हो रही है।
इसकी तरफ उनका कोई ध्यान नहीं है। कुछ समय पहले जब विधायक की टांग में दर्द था तो उनका इलाज सरकारी खर्चे पर महंगे अस्पताल में सरकार ने करवाया। जबकि चंबा के मरीजों को इलाज मिल रहा है या नहीं, इस तरफ विधायक कोई ध्यान में नहीं दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने सत्ता में आने के लिए जनता के साथ जो भी वादे किए थे। उसमें एक भी वायदा उन्होंने पूरा नहीं किया। 100 रुपये किलो दूध खरीदने का वादा भी सरकार भूल चुकी है। महिलाओं को 1,500 रुपये देने के नाम पर ठगा गया है। इसको लेकर उन्होंने उपायुक्त के जरिये राज्यपाल को भी ज्ञापन भेजा। सरकार अपनी नाकामयाबी के दो वर्ष का जश्न मना रही है।