महाविद्यालय चंबा में वूमेन इंटरनेशनल मोटरसाइकिल एसोसिएशन की टीम को हरी झंडी दिखाते एसडीएम शिवम
- फोटो : Chamba
चंबा। राजकीय महाविद्यालय सुल्तानपुर (चंबा) से ट्रेवल टू इंपेक्ट रैली का आयोजन किया गया। इसमें वूमन्स इंटरनेशनल मोटरसाइकिल एसोसिएशन की टीम ने भाग लिया। शुक्रवार सुबह टीम कॉलेज पहुंची। यहां से एसडीएम शिवम प्रताप सिंह ने रैली को झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली के माध्यम से यह टीम चंबा की संस्कृति को जानेगी। साथ ही अपने विचार लोगों के साथ साझा करेगी। रैली का समापन 15 मार्च को होगा। रैली को हरी झंडी दिखाने से पहले यहां सबसे पहले विद्यार्थियों को ट्रेवल टू इंपेक्ट के बारे में जानकारी दी गई।
एसडीएम ने चलो चंबा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। नॉट ऑन मैप संस्था के संस्थापक मनुज शर्मा ने विद्यार्थियों को इसके विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि जिले के अनछुए पर्यटन स्थलों को विश्व मानचित्र पर लाने, जिले के लोगों को बाहरी दुनिया से जोड़ने और बाहरी दुनिया को जिला चंबा से जोड़ने के लिए धरातल पर काम शुरू हो गया है। इसी कड़ी में वूमन्स इंटरनेशनल मोटरसाइकिल एसोसिएशन की टीम चंबा पहुंच चुकी है। टीम में कुुल छह महिलाएं और युवतियां हैं, जो मोटरसाइकिल पर जिले के विभिन्न स्थानों में पहुंचेंगी। अभियान का आगाज आठ मार्च को चंबा दिवस पर किया गया था।
टीम में मुंबई, दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा और यूपी की महिलाएं व युवतियां शामिल हैं। एसोसिएशन की अध्यक्ष अनीता कृष्णन हैं। उनके साथ तरुणा, कनुप्रिया, सहरा, रिया और मौसमी भी शामिल हैं। कहा कि रैली का मकसद यहां महज घूमना मात्र नहीं होगा। बल्कि, यहां की संस्कृति से रू-ब-रू होना रहेगा। इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य शिवदयाल, प्राध्यापक अविनाश, पायल, विकास, मगनदीप, दीपक भाटिया, आरती, तुषार, सुनील आदि मौजूद रहे।