भरमौर, सिहुंता के कन्या और बाल स्कूल हो सकते हैं मर्ज
उच्च शिक्षा विभाग चंबा ने निदेशालय को सौंपी रिपोर्ट
सरकार की ओर से लिया जाएगा अंतिम फैसला : भाग सिंह
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। विद्यार्थियों की कम संख्या वाले स्कूलों को मर्ज करने की रडार में अब चंबा के बाल और कन्या विद्यालय भी आ गए हैं। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार आगामी समय में सिहुंता में चल रहे कन्या और बाल विद्यालय सहित भरमौर में चल रहे कन्या और बाल विद्यालय को सरकार मर्ज कर सकती है। ऐसा फैसला सरकार इन स्कूलों में बच्चों की कम संख्या होने को लेकर ले सकती है। हाल ही में आयोजित निदेशालय स्तर की बैठक में इस मामले को लेकर व्यापक चर्चा हुई है। हालांकि, जिला मुख्यालय में चल रहे बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा समेत कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों में बच्चों की संख्याओं पर चर्चा हुई है। इन दोनों स्कूलों के लिए राहत की खबर है। इन स्कूलों में बच्चों की संख्या मापदंडों से कहीं अधिक है। ऐसे में वर्तमान में इन स्कूलों को मर्ज करने के बारे में सरकार का कोई विचार नहीं है। सरकार की ओर से पांच सौ से कम संख्या वाले सीनियर सेकेंडरी स्कूलों को मर्ज करने की तैयारी चल रही है। इस फेहरिस्त में जिले के चार स्कूल हैं। इनमें कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमौर, बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमौर समेत सिहुंता के बाल वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल और कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शामिल हैं। वर्तमान में यहां लड़कों और लड़कियों के लिए अलग विद्यालय हैं। ऐसे में यहां बच्चों की संख्या कम होने के चलते इन स्कूलों को मर्ज सरकार कर सकती है।
उच्च शिक्षा विभाग चंबा भाग सिंह ने बताया कि हाल ही में बैठक में भरमौर में चल रहे कन्या और बाल विद्यालय समेत सिहुंता स्थित कन्या और बाल विद्यालयों को मर्ज करने के बारे में चर्चा हुई है। इन स्कूलों में बच्चों की संख्या पांच सौ के करीब है। ऐसे में सरकार इन स्कूलों को मर्ज कर सकती है। निदेशालय को रिपोर्ट सौंप दी है।