चंबा। कम संख्या वाले स्कूलों को मर्ज करने के रडार पर अब जिला चंबा के बाल और कन्या विद्यालय भी आ गए हैं। विभागीय रिपोर्ट के अनुसार आगामी समय में सिहुंता में चल रहे कन्या और बाल विद्यालयों सहित भरमौर में चल रहे कन्या और बाल विद्यालयों को सरकार मर्ज कर सकती है। ऐसा फैसला सरकार इन स्कूलों में बच्चों की कम संख्या होने पर ले सकती है। हाल ही में आयोजित निदेशालय स्तर की बैठक में इस मामले को लेकर व्यापक चर्चा भी हुई है। हालांकि, जिला मुख्यालय में चल रहे बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चंबा समेत कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में बच्चों की संख्या पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई है लेकिन इन दोनों स्कूलों के लिए राहत की खबर है। इन स्कूलों में बच्चों की संख्या सरकारी मापदंडों से कहीं ज्यादा अधिक है। ऐसे में वर्तमान में इन स्कूलों को मर्ज करने के बारे में सरकार का कोई विचार नहीं है। जानकारी के अनुसार सरकार की ओर से 500 से कम संख्या वाले सीनियर सेकेंडरी स्कूलों को मर्ज करने की तैयारी चल रही है। इस फेहरिस्त में जिला चंबा के चार स्कूल हैं। इनमें कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमौर, बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भरमौर समेत सिहुंता स्थित बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला और कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला शामिल हैं। वर्तमान में यहां लड़कों के लिए अलग और लड़कियों के लिए अलग विद्यालय हैं। ऐसे में यहां बच्चों की संख्या कम होने के चलते इन स्कूलों को सरकार मर्ज कर सकती है।
हाल ही में बैठक में भरमौर में चल रहे कन्या और बाल विद्यालय समेत सिहुंता स्थित कन्या और बाल विद्यालयों को मर्ज करने के बारे में चर्चा हुई है। इन स्कूलों में बच्चों की संख्या 500 के करीब है। ऐसे में सरकार इन स्कूलों को मर्ज कर सकती है।
-भाग सिंह, उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा