मसरूंड में ग्राम सभा के दौरान मौजूद लोग। स्रोत : जागरूक पाठक
चंबा। ग्राम पंचायत मसरूंड से अलग करके नई पंचायत भलोड़ बनाने को लेकर ग्रामीणों ने आवाज बुलंद की है। बुधवार को मसरूंड पंचायत में पंचायत प्रधान की अध्यक्षता में ग्राम सभा की बैठक का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में उपस्थित सदस्यों ने एक मत से मसरूंड पंचायत का विभाजन का प्रस्ताव रखा गया। इस दौरान बताया गया कि आबादी अधिक होने और पंचायतघर से दूरस्थ गांवों की दूरी नौ से 10 किलोमीटर होने के चलते ग्रामीणों को अपने कार्य करवाने के लिए पूरा-पूरा दिन बर्बाद हो जाते हैं।
इतना ही नहीं, पंचायत मसरूंड के सात वार्ड है और इसकी जनसंख्या 2,741 है। पंचायत प्रधान मसरूंड प्रेम लता ने बताया कि ग्राम सभा में मौजूद सदस्यों ने एक मत से मसरूंड पंचायत से नई पंचायत भलोड़ बनाने की पैरवी की। भलोड़ पंचायत के तहत सरहवाड़, द्रभूणी, सेरी, कुपाहड़ा, भलोड़, द्रोंटी, सपडाह, रामपुर, बनगाटी, गुआड़, सतनाल, तिलमली, कडोह और भुई गांवों को शामिल किया जाए। नई पंचायत का गठन होने से ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी।