चंबा। जिले में जल्द ही बार्बर शॉप, सैलून और ब्यूटी पार्लर खुल सकते हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक हालांकि इस दौरान एहतियात और निर्देशों का सख्ती से पालन करना होगा।
मंगलवार को बचत भवन में बार्बर शॉप, सैलून और ब्यूटी पार्लर संचालकों के साथ हुई बैठक में उपायुक्त एवं जिला मजिस्ट्रेट विवेक भाटिया ने कहा कि जिला प्रशासन एक-दो दिन में इसको लेकर आदेश विस्तृत दिशा निर्देशों के साथ जारी कर रहा है।
जिले में काम कर रही बार्बर शॉप, सैलून और ब्यूटी पार्लर कोरोना वायरस महामारी के दौरान संक्रमण को लेकर सबसे संवेदनशील जगहों में शामिल हैं। ऐसे में जिला प्रशासन विभिन्न शर्तों के साथ ही अनुमति देगा।
बार्बर शॉप, सैलून और ब्यूटी पार्लर अपने काम को ऐसी व्यवस्था के तहत अंजाम दे पाएंगे, जिससे सोशल डिस्टेंसिंग, फिजिकल डिस्टेंसिंग और अन्य एहतियातों की पूरी तरह से अनुपालना सुनिश्चित हो सके। बैठक के दौरान उपायुक्त उनके विचारों और सुझावों से भी रूबरू हुए। उन्होंने बताया कि संचालकों का बाकायदा एक व्हाट्स एप ग्रुप तैयार किया जाएगा।
उपायुक्त ने कहा कि अगर कोई बार्बर शॉप, सैलून और ब्यूटी पार्लर निर्देशों की अवहेलना करता पाया गया तो, उसे सील किया जा सकता है। उपायुक्त ने आह्वान करते हुए कहा कि वे स्वयं भी सावधान और जागरूक बने।
इसके साथ ही ग्राहकों को भी एहतियातों को लेकर जागरूक करें, ताकि कोरोना महामारी संक्रमण से हम सब सुरक्षित रह सकें। बैठक में सहायक आयुक्त राम प्रसाद के अलावा नोडल अधिकारी के तौर पर जिला रोजगार अधिकारी अरविंद चौहान भी मौजूद रहे।