सीफार्म जमा न करवाने से रुका 8406 युवाओं का भत्ता
विभाग के निर्देश, विभिन्न योजनाओं में भत्तों का लाभ लेने के लिए जल्द सीफार्म जमा करवाएं युवा
जिले में योजनाओं का लाभ लेने के लिए अब तक करीब तीन सौ युवाओं ने जमा करवाया है फार्म
पंकज सलारिया
चंबा। जिला चंबा के 8406 युवाओं के भत्तों पर रोक लग गई है। अब इन प्रशिक्षुओं और बेरोजगार युवाओं को भत्ता तब ही मिलेगा, जब वे सी फॉर्म कार्यालय में जमा करवाएंगे।
अन्यथा, ऑटोमैटिक तरीके से युवाओं को मिलने वाला भत्ता रुक जाएगा। अप्रैल में जिला रोजगार कार्यालय चंबा की ओर से सी फार्म जमा करवाने के निर्देश दिए हैं, जिससे प्रशिक्षुओं और बेरोजगारों को मिलने वाले भत्तों की किस्त नियमित रूप से डलती रहे। जानकारी के अनुसार अब तक मात्र तीन सौ युवाओं ने ही विभाग के कार्यालय में सी फार्म जमा करवाया है। विभाग की ओर से भत्ते के तहत तीन योजनाओं का कार्यान्वयन किया जा रहा है। इनमें बेरोजगार भत्ता, कौशल विकास भत्ता और औद्योगिक विकास भत्ता शामिल हैं। कौशल विकास भत्ता योजना के तहत 4185, बेरोजगारी भत्ता योजना के तहत 4514 और औद्योगिक भत्ता योजना के तहत सात कर्मचारी पंजीकृत हैं। जिले में गत मार्च तक 8706 युवाओं को इन योजनाओं के तहत लाभान्वित किया गया है। अब इन प्रशिक्षुओं और बेरोजगारों को योजना का लाभ लेने के लिए सी फार्म कार्यालय में जमा करवाना होगा। इसके बाद ही अब आगामी भत्ते की किस्त उनके खातों में डलेगी। विभाग की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद समय रहते सी फार्म लेना है, जिससे इन योजनाओं से पात्र अभ्यर्थी वंचित ना रह सकें। संवाद
क्या है सी फार्म
इन योजनाओं के तहत पंजीकृत लाभार्थियों को साल में एक बार सी फार्म विभाग को देना पड़ता है। इससे विभाग को यह जानकारी मिलती है कि लाभार्थी अभी तक योजना के तहत पंजीकृत है।
जिला रोजगार अधिकारी अरविंद सिंह चौहान का कहना है कि अब तक तीन सौ युवाओं ने सी फार्म जमा करवाया है। उन्होंने आह्वान किया है कि सभी अभ्यर्थी अपना सी फॉर्म जमा करवाएं।