चंबा। विकास खंड मैहला के तहत आने वाली ग्राम पंचायत छतराड़ी में संचालित वन निगम के डिपो में बालन की लकड़ी खत्म हो चुकी है। इसकी वजह से स्थानीय लोग काफी परेशान हैं। विवाह शादियों के लिए जहां लोगों को बालन की लकड़ी उपलब्ध नहीं हो पा रही है तो वहीं अंतिम संस्कार के लिए भी लकड़ी के लिए लोगों को भटकना पड़ रहा है।
इस समस्या के समाधान को लेकर ग्राम पंचायत छतराड़ी के प्रधान महंदो राम की अगुवाई में पंचायत के अन्य लोगों ने उपायुक्त डीसी राणा को ज्ञापन सौंपा। इसमें उन्होंने बताया कि पंचायत में यदि किसी की मौत हो जाती है तो शव का अंतिम संस्कार करने के लिए बालन की लकड़ी उपलब्ध नहीं हो रही है। जो कर्मचारी डिपो में तैनात था वह अब सेवानिवृत्त हो चुका है। उनके स्थान पर निगम ने अन्य कर्मचारी को अभी तक तैनात नहीं किया गया है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि डिपो में कर्मचारी की नियुक्ति करने के साथ ही बालन की लकड़ी भी उपलब्ध करवाई जाए। इसके लिए उपायुक्त ने वन निगम के अधिकारी को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।