चंबा में मक्की की फसल पर कीट का हमला
कृषि विभाग ने कीट से बचाव के लिए जारी किए निर्देश
सुंगल मेें उगी मक्की की फसल में देखा गया कीट
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में मक्की की फसल पर नए कीट फॉल आर्मी वार्म ने हमला कर दिया है। मक्की के पौधों में इस कीट को देखे जाने के बाद कृषि विभाग ने अलर्ट जारी कर दिया है। साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में निरीक्षण के लिए टीमें गठित कर दी हैं। सोमवार को इन टीमों ने चंबा ब्लॉक के तहत विभिन्न ग्राम पंचायतों में जाकर निरीक्षण किया। हालांकि, इन क्षेत्रों में इस कीट की दस्तक नहीं पाई गई है। वहीं, दूसरी तरफ विभाग ने किसानों को भी अलर्ट रहने के लिए कहा है, जिससे यह कीट मक्की की फसल को प्रभावित न कर सके।
जानकारी के मुताबिक यह कीट साहो क्षेत्र के तहत ग्राम पंचायत सुंगल में उगे मक्की के पौधों में देखा गया। गौरतलब है कि जिले में 26 हजार हेक्टेयर भूमि पर मक्की की पैदावार की जाती है और हर साल औसतन 68 हजार मीट्रिक टन के करीब मक्की की पैदावार रहती है। समय-समय पर कृषि विभाग की ओर से किसानों को जागरूक कर उन्हें फसल से जुड़े पहलुओं के बारे में जानकारी दी जाती है। लेकिन अब मक्की की फसल पर कीट ने हमला कर दिया है। इससे कृषि विभाग की चिंता बढ़ गई है।
बचाव के लिए यह करें उपाय
पांच फीसदी क्षति की स्थिति में किसान नीम बीज गिरी के अर्क (पांच प्रतिशत) का छिड़काव करें। दस प्रतिशत से अधिक होने पर जैविक कीटनाशकों (बीटी और मेटारहाईजियम) का इस्तेमाल करें। इसके अलावा फूल आने से लेकर कटाई की अवस्था तक किसी भी रसायनिक कीटनाशक का इस्तेमाल न करें।
कृषि उपनिदेशक चंबा कुलदीप धीमान ने बताया कि ग्राम पंचायत सुंगल में यह कीट देखा गया है। कहा कि सोमवार को मौके पर जाकर छिड़काव कर दिया है। साथ ही किसानों को भी एडवायजरी जारी कर दी गई है। विभागीय टीमें भी निरीक्षण कर रही हैं।