चुवाड़ी(चंबा)। चंबा-नूरपुर मार्ग पर लाहड़ू चौक के समीप राज्य मादक नियंत्रण इकाई कांगड़ा की टीम ने एक चरस तस्कर को को दबोचा है। टीम ने व्यक्ति के कब्जे से 1 किलो 312 ग्राम चरस बरामद की है। चरस तस्कर की पहचान कुलदीप सिंह निवासी खपरोडू डाकघर रायपुर तहसील भटियात जिला चंबा के रूप में हुई। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत पुलिस थाना चुवाड़ी में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार राज्य मादक नियंत्रण इकाई कांगड़ा के एएसआई करतार सिंह की अगुवाई में लाहड़ू चौक पर पेट्रोलिंग पर थी। टीम में मुख्य आरक्षी मोहम्मद असलम, मनोहर लाल, कांस्टेबल संजय कुमार, अरुण कुमार रोकी कुमार शामिल रहे। इसी दौरान वहां से गुजर रहा व्यक्ति टीम को अपनी ओर आता देख घबरा गया। टीम ने आरोपी से पूछताछ की। पूछताछ में व्यक्ति ने अपना नाम कुलदीप और गांव खपरोडू बताया। टीम ने शक के आधार पर व्यक्ति की तलाशी ली। तलाशी के दौरान व्यक्ति के कब्जे से 1.312 ग्राम चरस बरामद की। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
डीएसपी डलहौजी विशाल वर्मा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि एक किलो 312 ग्राम चरस के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। बताया कि पुलिस टीम ने 20 एनडीपीएस एक्ट के तहत व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।