बिजली न होने से कोटेशन फॉर्म जारी न होने की बात पर हुआ विवाद
पंचायत सचिव से मारपीट का आरोप, शिकायतकर्ता और एक अन्य व्यक्ति भी घायल
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह। सनवाल पंचायत की बैठक के दौरान बिजली न होने के कारण कोटेशन फार्म तुरंत जारी नहीं किए जाने की बात पर विवाद हो गया। मामले में एक व्यक्ति ने सात लोगों के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और धमकी देने की शिकायत पुलिस में दर्ज करवाई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार 7 अगस्त को सनवाल ग्राम पंचायत की बैठक चल रही थी। इसी दौरान मान सिंह और कुलभूषण को बताया गया कि बिजली उपलब्ध न होने के कारण कोटेशन फॉर्म तत्काल जारी नहीं किए जा सकते। आरोप है कि इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया और कुलभूषण ने पंचायत सचिव प्रताप सिंह के साथ मारपीट की। शिकायत के मुताबिक, इसके बाद आरोपियों और उनके परिवार के सदस्यों ने शिकायतकर्ता और पंचायत सचिव के साथ गाली-गलौज करते हुए धमकी दी। आरोप है कि गैस लाल ने लकड़ी की लाठी से शिकायतकर्ता पर हमला किया। वहीं, केवल कृष्ण, धन्नी, खेलो और नीना कुमारी पर भी गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और पत्थर फेंकने के आरोप लगाए गए हैं। घटना के दौरान बेली राम के साथ भी मारपीट होने की बात शिकायत में कही गई है। मारपीट में शिकायतकर्ता के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं, जबकि बेली राम की दाहिनी आंख के नीचे चोट लगने से खून बहने लगा। शिकायतकर्ता का मेडिकल परीक्षण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तीसा में करवाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।