चंबा के खज्जियार में भ्रमण करतेचेनाली।संवाद
बारिश के कारण पर्यटन स्थल का रुख नहीं कर रहे थे सैलानी
गर्मी से राहत पाने के लिए पहाड़ों में बढ़ रही है मेहमानों की दस्तक
संवाद न्यूज एजेंसी
खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल काफी दिनों के बाद फिर पर्यटकों से गुलजार होने लगा है। पर्यटन सीजन शुरू हो चुका है लेकिन बारिश के कारण पर्यटक अधिक संख्या में घूमने के लिए नहीं पहुंच पा रहे थे।
अब मौसम साफ होने पर उनकी भीड़ बढ़ने लगी है। जैसे-जैसे मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ेगी, वैसे-वैसे पहाड़ों पर पर्यटकों की संख्या में इजाफा होगा। गर्मी से राहत पाने के लिए पर्यटक घूमने के लिए पहाड़ों का रुख करते हैं। यही वजह है कि बुधवार को जैसे ही आसमान में धूप खिली तो विभिन्न राज्यों से आए पर्यटक खज्जियार में देखने को मिले। इससे पहले उन्होंने डलहौजी की हसीन वादियों का लुत्फ उठाया। स्थानीय निवासी सूरज कुमार, धर्मेंद्र कुमार, केवल, सोनू, मुन्ना, विजय कुमार, टेक चंद और रवि कुमार ने बताया कि यहां के लोगों का मुख्य व्यवसाय पर्यटन पर टिका है। लोग पर्यटन सीजन में खाद्य उत्पादों को बेचकर अपनी आजीविका चलाते हैं। इसमें जो भी कमाई होती है, उससे उनका साल भर गुजारा चलता है। बारिश होने से उनके कारोबार पर बुरा असर पड़ता है। ऐसे अब वे यही उम्मीद लगा रहे हैं कि आगामी दिनों में बारिश न हो और उनका कारोबार अच्छा चले।