चंबा में मणिमहेश में ताजा बर्फबारी के दौरान का नजारा। संवाद
30.48 सेंटीमीटर बर्फबारी से बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग ठप, चंबा से पांगी का सीधा संपर्क कटा
अब कुल्लू-मनाली या जम्मू-कश्मीर के रास्ते जाना होगा, बढ़ेगा सफर का समय और खर्च
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। सर्दियों की दस्तक के साथ ही साच पास ने अपना रंग बदल लिया है। चुराह उपमंडल की सबसे ऊंची चोटी साच पास में बुधवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई।
समुद्र तल से करीब 14,500 फीट की ऊंचाई पर स्थित साच पास में बुधवार देर रात से बारिश के बीच भारी हिमपात हुआ। यहां करीब 30.48 सेंटीमीटर ताजा बर्फ दर्ज की गई। बर्फ की सफेद चादर से ऊंची चोटियां ढक गई हैं और क्षेत्र में ठंड भी बढ़ गई है।
ताजा हिमपात पांगी घाटी के लोगों के लिए परेशानी लेकर आया है। बर्फ जमने के कारण बैरागढ़-साच पास-किलाड़ मार्ग यातायात के लिए बंद हो गया है। सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह थम गई है। मार्ग बंद होने से पांगी घाटी का जिला मुख्यालय चंबा से सीधा संपर्क कट गया है।
साच पास मार्ग पांगी घाटी को चंबा से जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। इसके बंद होने के बाद अब चंबा से पांगी पहुंचने के लिए लोगों को कुल्लू-मनाली या जम्मू-कश्मीर के रास्ते का सहारा लेना पड़ेगा। इससे सफर लंबा होने के साथ लोगों का समय और खर्च भी बढ़ेगा।
मौसम खुलने पर हटेगी बर्फ
एसडीएम चुराह राजेश जरयाल ने बताया कि बर्फबारी और बारिश के कारण साच पास मार्ग बंद हो गया है। मौसम साफ होने और सड़क से बर्फ हटाने के बाद ही यातायात बहाल किया जा सकेगा। प्रशासन मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रख रहा है।