चंबा। ग्राम पंचायत मैहला में मां जालपा माता और हिडिंबा माता मंदिर के प्रांगण में जिला स्तरीय लोक नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें सरस्वती लोक कला संगम चंबा ने प्रथम स्थान हासिल किया।
प्रतियोगिता में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैहला ने द्वितीय, गद्दी सांस्कृतिक दल रूहणूकोठी और शिव शक्ति कला निकेतन बघेईगढ़ ने तीसरा और बैरागढ़ सांस्कृतिक मंच तरैला और युवक मंडल भाड़ेला सामरा ने चौथा स्थान हासिल किया। प्रतियोगिता में जिले के 11 सांस्कृतिक दलों ने भाग लिया। उपायुक्त डीसी राणा ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान पर रहने वाले दल को 10,000, द्वितीय स्थान पर रहने वाले दल को 8,000, तृतीय स्थान पर रहने वाले दल को 6,000 और चतुर्थ स्थान पर रहने वाले दल को 4,000 की प्रोत्साहन राशि से पुरस्कृत किया।
आजादी के अमृत महोत्सव की शृंखला के तहत भाषा एवं संस्कृति विभाग चंबा के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में उपायुक्त डीसी राणा ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। कार्यक्रम में उपमंडल अधिकारी नागरिक चंबा नवीन तंवर विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। सारेगामापा फेम और इंडिया गोट टैलेंट में चंबा का नाम रोशन करने वाले स्थानीय कलाकार राजीव थापा भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर उपायुक्त डीसी राणा ने अपने वक्तव्य में कहा कि जिला चंबा की कला, शिल्प, व्यंजन, लोकगीत और वाद्ययंत्र अपने आप में लोक संस्कृति के परिचायक हैं और यहां की संस्कृति में भरमौर, चुराह, चंबा, भटियात या गोजरी गीतों को प्रत्येक व्यक्ति बड़ी आसानी से समझ सकता लेता है। कहा कि आने वाले समय में भी इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन होना चाहिए, ताकि कलाकारों को मंच प्रदान किया जा सके।
वहीं, जिला भाषा अधिकारी तुकेश शर्मा ने बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले दल को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि 2019-2020 की प्रतियोगिता का आयोजन भंजराडू तहसील चुराह , 2020- 2021 की प्रतियोगिता का आयोजन होबार तहसील भटियात और 2021-2022 की प्रतियोगिता का आयोजन मैहला में किया गया। भविष्य में भी विभाग इस तरह की प्रतियोगिताओं का आयोजन उपमंडल स्तर पर करवाता रहेगा। प्रतियोगिता का शुभारंभ स्थानीय वरिष्ठ नागरिक ईश्वर ने दीप प्रज्वलित कर किया और कार्यक्रम का मंच संचालक जीतेंद्र पंकज शर्मा ने किया। निर्णायक मंडल में जिला चंबा के प्रसिद्ध गायक राजीव थापा, वरिष्ठ कलाकार प्रकाश सिंह कश्मीरी, डॉ. संतोष कुमार सहायक प्राध्यापक हिंदी राजकीय महाविद्यालय चंबा ने अपनी भूमिका अदा की। इस अवसर पर स्थानीय निवासी एलआर ठाकुर, उपप्रधान भुवनेश सिंह कटोच, पूर्व पंचायत प्रधान उमेश कुमार और पूर्व उपप्रधान मनोज सिंह जसरोटिया प्रधानाचार्य रंजना शर्मा, गर्ल हॉस्टल की वार्डन रोहिणी शर्मा ने अपनी विशेष भूमिका निभाई। विभाग के कर्मचारी रवि ठाकुर तथा अन्य स्थानीय गणमान्य व्यक्तिय भी मौजूद रहे ।