चंबा। पुलिस की स्पेशल अन्वेषण टीम ने एक राहगीर को 812 ग्राम चरस के साथ पकड़ा है। जानकारी के मुताबिक पुलिस के स्पेशल अन्वेषण सेल चंबा के प्रभारी मुख्य आरक्षी परमेश ने सलूणी के बरोटी लिंक रोड पर नाका लगाया हुआ था।
इस दौरान बरोटी की तरफ से सलूणी की ओर एक व्यक्ति पैदल आ रहा था। जैसे ही उसकी नजर पुलिस टीम पर पड़ी तो वह घबरा गया और उसने अपने हाथ में पकड़े बेग को फेंक दिया। पुलिस ने उसकी इस संदिग्ध हरकत को देखते हुए उसका पीछा किया और उसे थोड़ी दूर जाकर ही दबोच लिया। बैग की तलाशी लेने पर उससे 812 ग्राम चरस बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान भागमल निवासी गांव सुई डाकघर डियूटी तहसील सलूणी के रूप में बताई। पुलिस थाना किहार में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।