मंगला (चंबा)। पंचायत मंगला में जंगली भालू दिखने से ग्रामीणों में भय का माहौल है। लोग घरों से निकलने से भी कतराने लगे हैं। शाम ढलते ही गांव की गलियां सुनसान हो जाती हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि यह रास्ता गांव का एकमात्र आने-जाने का साधन है। लोगों को शाम होते ही जल्दी-जल्दी घर पहुंचना पड़ता है। सबसे ज्यादा चिंता बच्चों को लेकर है। अभिभावक बच्चों को स्कूल भेजने से डर रहे हैं। अनिता देवी, बबली देवी, सरोज कुमारी, राजेश कुमार, अनिल कुमार और बंटी ने कहा कि भालू रात के समय गांव के आसपास घूमता रहता है। ग्रामीणों ने प्रशासन और वन विभाग से जल्द भालू को पकड़ने की मांग की है। संवाद