चंबा। जिले के दूरदराज के लोगों को अब एम्स बिलासपुर सहित प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञ भी ऑनलाइन परामर्श देंगे। इसके लिए जिले के 46 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को टेलीमेडिसिन सेवाओं से जोड़ने के लिए मैपिंग की जा रही है। इसमें इन स्वास्थ्य केंद्रों को चंबा मेडिकल कॉलेज के अलावा प्रदेश के अन्य चार मेडिकल कॉलेजों और एम्स बिलासपुर के साथ भी जोड़ा जा रहा है जिससे दूरदराज के मरीजों को ऑनलाइन हर बीमारी का विशेषज्ञ से परामर्श समय पर मिल सके। जिले में अधिकतर इलाके ऐसे हैं जो जिला मुख्यालय से 50 से 100 किलोमीटर दूरी हैं। ऐसे इलाकों में जब किसी व्यक्ति को विशेषज्ञ से अपनी बीमारी की प्राथमिक जांच करवानी हो तो उन्हें लंबी दूरी तय करके चंबा मेडिकल कॉलेज पहुंचना पड़ता है। कुछ मरीज टांडा या शिमला का भी रुख करते हैं। ऐसे मरीजों को अब टेलीमेडिसिन के जरिये ऑनलाइन प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों में तैनात विशेषज्ञों की सेवाएं भी मिल सकेंगी।
मौजूदा समय में ई संजीवनी पोर्टल के जरिये मेडिकल कॉलेज चंबा के विशेषज्ञ मरीजों को ऑनलाइन परामर्श दे रहे हैं। विशेषज्ञ रोजाना अपनी ओपीडी में बैठकर जिले की पीएचसी से जुड़ते हैं। ऐसे में अब प्रदेश के अन्य मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञ भी चंबा के मरीजों को ऑनलाइन परामर्श देंगे। इससे पांगी, भरमौर, होली, सलूणी सहित अन्य दूरदराज के इलाकों में रहने वाले लोगों को ऑनलाइन चिकित्सीय सेवा का लाभ मिल सकेगा। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर करण हितेषी ने बताया कि मेडिकल कॉलेजों को जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों के साथ जोड़ने के लिए मैपिंग की जा रही है। यह कार्य चार से पांच दिन के भीतर पूरा हो जाएगा।