जिले में धूमधाम से मनाया गया ईद-उल-अजहा का त्योहार
चौगान नंबर-5 में मौलाना मोहम्मद यासीन ने अदा करवाई नमाज
समुदाय के लोगों को खुदा के बताए नेक मार्ग पर चलने की दी नसीहत
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में शनिवार को ईद-उल-अजहा का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। ईद की सामूहिक नमाज जामा चौगान नंबर पांच में अदा की गई। मौलाना मोहम्मद यासीन जामा मस्जिद चंबा ने ईद की नमाज अदा करवाई। उन्होंने मुस्लिम समुदाय के लोगों से खुदा के बताए नेक मार्ग पर चलकर इंसानियत की सेवा करने के लिए प्रेरित भी किया। उन्होंने राष्ट्रीय एकता और अखंडता की दुआ भी मांगी। इसके अलावा त्रिभोल, सकराणा, जुआंस, संघणी, सुरंगानी, मनपनिहार, पघरोला, डियूर, तेलका, मलूर, भलेई, मंजीर, डियूर, तीसा के गनेड और शिकारी मोड और साहो के मसवाडी तथा सिल्लाघ्राट, बकाणी में भी ईद की सामूहिक नमाज अदा करने की रस्म निभाई गई।
ईद-उल-अजहा की सामूहिक नमाज में हिस्सा लेने के लिए जिला के दूरस्थ क्षेत्रों से मुस्लिम समुदाय के लोगों का सज धजकर जामा मस्जिद में पहुंचने का सिलसिला सवेरे से ही आरंभ हो गया था। सवेरे करीब 10:00 बजे ईद की सामूहिक नमाज अदा की गई। इसके बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने एक-दूसरे के गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी। बाद में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने घर में लजीज व्यंजन पकाकर अपने रिश्तेदारों को बुलाकर ईद की खुशियां आपस में बांटीं।