संत निरंकारी भवन मुगला में साप्ताहिक सत्संग का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। संत निरंकारी सत्संग भवन मुगला में महात्मा अरुण महाजन की अध्यक्षता में साप्ताहिक सत्संग का आयोजन किया गया। सत्संग का शुभारंभ आरती वंदना से किया गया। इस मौके पर दूरदराज से आए सैकड़ों भक्तों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। साहो, जडेरा, राख, ,जांघी, मैहला, मंगला आदि क्षेत्रों से आए संतों महात्माओं ने सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज की शिक्षाओं को अपने विचारों और भजनों से व्यक्त किया।
महात्मा अरुण महाजन ने कहा कि परमात्मा को जानने कि इच्छा रखने वाले जिज्ञासु के जीवन में भक्ति की शुरुआत ही ब्रह्मज्ञान के बाद होती है। जब सद्गुरु की कृपा से जिज्ञासु को ब्रह्म ज्ञान हासिल हो जाता है, तो उसके सारे भ्रम मिट जाते हैं। कहा कि वह यह जान लेता है कि जिस परमात्मा को वह अनेक विधियों से पाने कि कोशिश कर रहा था, सब व्यर्थ साबित हुईं। कहा कि परमात्मा को सिर्फ सत्गुरु की शरण में निष्काम भाव से प्राप्त किया जा सकता है। उसके जीवन में भक्ति की शुरुआत वहीं से आरंभ हो जाती है। कहा कि फिर भक्ति और मजबूत करने के लिए विश्वास की बात आती है। इसके लिए एक बहुत सरल तरीका है कि नित्यप्रति संतों का संग करें, सत्संग में आकर अच्छे गुणों को श्रवण करें, अपनी आध्यात्मिक जड़ों को और मजबूत किया करें। मन का रिश्ता इस परमात्मा के साथ सुमिरण से और पक्का किया करें। जैसे-जैसे हम इन बातों का अभ्यास अपने जीवन में करते चलें जाते हैं तो हमारे जीवन में एक बदलाव आना शुरु हो जाता है।