चंबा। कियाणी खड्ड में अचानक जलस्तर बढ़ने से चिता सहित शव बह गया। शव को ढूूंढने के लिए पुलिस ने सर्च अभियान चलाया। शुक्रवार शाम को कियाणी क्षेत्र मेें एक व्यक्ति के शव को अंतिम संस्कार के लिए खड्ड में लाया गया। शव को चिता पर अंतिम संस्कार के लिए रखा गया। इससे पहले कि परिजन अंतिम संस्कार कर पाते, उसी दौरान खड्ड के दूसरी तरफ से लोगों ने जोर-जोर से आवाजें लगाकर लोगों को खड्ड से दूर जाने को कहा।
देखते ही देखते खड्ड में जलस्तर अचानक बढ़ गया। लोग चिता को छोड़ जान बचाने के लिए किनारे से दूर भागने लगे। अंतिम संस्कार के लिए रखा शव चिता के साथ पानी के तेज बहाव में बह गया। लोगों ने शव को तलाश करने का काफी प्रयास किया। लेकिन उन्हें शव नहीं मिला। घटना की सूचना लोगों ने पुलिस को दी। शनिवार को पुलिस की टीम ने कियाणी खड्ड में सर्च अभियान चलाया। शाम होने तक पुलिस
को खड्ड में बहे शव का सुराग नहीं मिल पाया। इस हादसे में गनीमत यह रही कि खड्ड के तेज जलस्तर में सिर्फ शव बहा। अंतिम संस्कार के लिए पहुंचे लोग सुरक्षित बच गए। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि चिता के साथ बहे शव की तलाश जारी है।