बनीखेत (चंबा)। बनीखेत स्थित डाकघर में अब लोगों को अपने आधार कार्ड बनवाने के लिए घंटों कतारों में खड़ा नहीं होना पड़ेगा। इसके लिए डाक विभाग ने डाकघर में सुबह 9:00 से शाम 5:00 बजे तक आधार कार्ड बनवाने का समय निर्धारित किया है। इससे पहले दिन में दोपहर 3:00 से शाम 5:00 बजे तक ही आधार कार्ड बनाए जा रहे थे। इससे कई लोगों को बिना आधार कार्ड बनवाए अपने घरों को लौटना पड़ रहा था। लोगों की इस समस्या को अमर उजाला में प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया गया। खबर छपते ही प्रशासन और डाकघर विभाग हरकत में आए।
उन्होंने आधार कार्ड बनवाने के लिए समयावधि को बढ़ाने के आदेश जारी किए हैं। इससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिली है। अब दूरदराज के इलाकों से आने वाले लोग दिन में किसी भी समय अपने आधार कार्ड बनवा पाएंगे। इसके लिए स्थानीय लोगों ने डाकविभाग और प्रशासन का आभार जताया है। जिला डाक विभाग के अधीक्षक तिलक राज ने बताया कि लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधार कार्ड बनवाने के लिए समयावधि बढ़ाई गई है।