पांच दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा, हत्या के कारणों को लेकर पूछताछ करेगी पुलिस
19 अगस्त को शाली गांव के समीप बैरा नदी के पास जंगल के रास्ते में मिला था शव
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। उपमंडल की पंचायत खुशनगरी के शाली गांव के समीप बैरा नदी के पास ढाबा संचालक नेगी राम की हत्या के मामले में पुलिस थाना तीसा की टीम को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस ने हत्या के मामले में गोविंद (42) वर्ष पुत्र उमेद निवासी गांव चुहाड़ डाकघर खुशनगरी को गिरफ्तार किया है। उसे 21 अगस्त की रात को करीब 11 बजे गिरफ्तार किया गया।
आरोपी को तीसा न्यायालय में पेश किया गया। यहां से उसे पांच दिन की पुलिस रिमांड मिली है। रिमांड के दौरान पुलिस हत्या के कारणों, वारदात में इस्तेमाल हथियार और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता को लेकर पूछताछ करेगी।
गौरतलब है कि 19 अगस्त को खुशनगरी पंचायत के शाली गांव के समीप बैरा नदी के पास जंगल के रास्ते में नेगी राम निवासी गुड़ेश का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। नेगी राम ढांजू नाला सड़क के किनारे ढाबा चलाता था। शव के सिर के पिछले हिस्से और दाहिनी बाजू पर गहरी चोट के निशान मिले थे। मृतक के भाई ने पुलिस को दिए बयान में अज्ञात लोगों पर तेजधार हथियार से हमला कर हत्या करने की आशंका जताई थी। इसके बाद थाना तीसा पुलिस ने हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर छानबीन शुरू की।
डीएसपी रंजन शर्मा ने बताया कि आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। अब पुलिस रिमांड के दौरान आरोपी से पूछताछ कर वारदात की पूरी कड़ी जोड़ने का प्रयास करेगी। पुलिस हत्या के पीछे के कारणों और घटना में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।