चंबा। पठानकोट-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर खड़ामुख के पास कार दुर्घटनाग्रस्त में घायल युवक के लिए बस चालक देवदूत बनकर पहुंचा। उक्त युवक कार हादसे के बाद दो घंटे से खाई में ही पड़ा था। इसी दौरान बस चालक की उस पर नजर पड़ गई। इसके बाद चालक ने अन्य सवारियों के साथ मिलकर उसे खाई से सुरक्षित निकालकर और अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार पठानकोट-भरमौर हाईवे पर एक कार सोमवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरी। लेकिन किसी को इसकी भनक नहीं लगी। इससे घायल करीब दो घंटे तक खाई में ही मदद के लिए चिल्लाता रहा। कार दुर्घटना में घायल लोकेश पुत्र पवन निवासी गांव गंगथ डाकघर गउधार जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्त से मिलने के लिए कार लेकर भरमौर गया था। सोमवार तड़के वह भरमौर से गंगथ के लिए रवाना हुआ, जब वह खड़ामुख के पास पहुंचा तो गाड़ी अनियंत्रित होकर नीचे लुढ़क गई। अंधेरा होने की वजह से किसी को भी इस हादसे का पता नहीं लगा। दो घंटे के बाद वहां से गुजर रही सरकारी बस के चालक की नजर दुर्घटनाग्रस्त गाड़ी के ऊपर पड़ी, तो घायल को मदद मिल पाई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने पहले घायल का बयान दर्ज किया। इसके बाद घटनास्थल में जाकर घटना के कारणों को लेकर छानबीन की। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर मोनिका ने बताया कि खड़ामुख के पास कार दुर्घटना में एक व्यक्ति घायल हो गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।