भरमौर/चंबा। भरमाणी माता मंदिर से ऊपर स्थित कुकडु कंडा के जंगल में युवक और एक नाबालिग युवक अचानक बदले मौसम के मिजाज के बाद बर्फबारी के कारण फंस गए हैं। युवकों के फंसे होने की सूचना मिलने के बाद बचाव दल में शामिल माउंटेन पर्वतारोहण संस्थान के जवान, पुलिस टीम और मलकोता के ग्रामीण शुक्रवार को लापता युवक और नाबालिग को तलाशने के लिए जंगल में गए, लेकिन खराब मौसम में काफी तलाश करने के बाद देरशाम बचाव दल की टीम खाली हाथ भरमौर मुख्यालय वापिस लौटी। अब शनिवार को मौसम अनुकूल रहने पर बचाव दल की टीम एक बार फिर से क्षेत्र की और रवाना होगी।
जानकारी अनुसार घरेड़ और मलकोता से युवक दीक्षित राणा और पीयूष घूमने के चक्कर में होली और भरमौर की पहाड़ी की चोटी पर पहुंच गए। अचानक शुरू हुई बर्फबारी के बाद अचानक हालात बदलने लगे और पहाड़ी की चोटी पर करीब चार फीट तक बर्फबारी हो गई।
गनीमत यह रही कि युवक का मोबाइल में सिग्नल होने के चलते उसने अपने रिश्तेदार को मैसेज कर अपना हाल बताते हुए मदद की गुहार लगाई। नतीजतन, शुक्रवार को परिजनों ने प्रशासन को सूचित किया। इसके बाद दोनों को तलाशने के लिए बचाव दल को भरमाणी माता मंदिर से ऊपर के लगते जंगल में भेजा गया। बताया जा रहा है कि बचाव दल ने उनकी तलाश में जंगल और आसपास का क्षेत्र छान मारा पर उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। थक-हार कर बचाव दल देर रात भरमौर पहुंचा।
माउंटेन पर्वतारोहण संस्थान के पंकज मिन्हास ने बताया कि शुक्रवार को शुक्रवार को युवकों का सुराग नहीं मिला। अब शनिवार को बचाव दल दोनों को रेस्क्यू करने रवाना होगी। उधर, डॉ. विधायक जनक राज ने बताया कि दो लोगों के फंसे होने की सूचना मिलने के बाद भ्रम और प्रशासन को दोनों को तलाश कर वापस लाने के निर्देश जारी गए हैं।