चंबा के भरमौर की बंडग्राम पंचायत में आगजनी के बाद धुं-धुं कर जलते मकान।संवाद
भरमौर (चंबा)। भरमौर उपमंडल के तहत आती बंडग्राम पंचायत में सोमवार सायं 4 बजे के करीब खणबग्गा गांव में एक दो मंजिला मकान, पांच गोशालाएं और एक घासनी जलकर राख हो गई है। मकान के भीतर परिवार को सामान और आभूषण भी जल गए।
आग लगने का कारणों का पता नहीं चल पाया है। हालांकि इससे प्रभावित को लाखों का नुकसान हुआ है। सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग की टीम मौके पर भरमौर प्रशासन की ओर रवाना हो गई। टीम के आकलन के बाद भी नुकसान की सही जानकारी मिल पाएगी।
पंचायत की प्रधान शुभा देवी ने बताया कि सोमवार शाम को सरवन कुमार के दो मंजिला मकान से आग की लपटें उठने लगीं। इन्हें देखकर आसपास के लोग एकत्रित होकर आग बुझाने लगे। देखते ही देखते मकान के चार कमरे, किचन, बाथरूम और सामान जल गया। साथ में पांच अन्य भाइयों देश राज, कैलाश, सुरजीत, भजन, व नारद पुत्र धुज की गोशाल और घासनी भी आग की चपेट में आ गईं।
उधर, कार्यवाहक तहसीलदार द्रेवेंद्र कुमार ने बताया कि आग की सूचना मिलते ही राजस्व की टीम नुकसान का आकलन लगाने के लिए भेज दी गई है। तहसील मुख्यालय से 35 किलोमीटर के करीब यह घटनाक्रम हुआ है।