शहर की नालियां जाम होने से सड़कों पर बह रही गंदगी, दुर्गंध भी बढ़ा रही परेशानी
पुराना बस अड्डा से लेकर मेडिकल कॉलेज तक कूड़े से भरी पड़ी हैं नालियां
नगर परिषद के बेहतर सफाई व्यवस्था के दावे हुए हवा, नहीं ली जा रही सुध
-
शहर की सड़कों पर इन दिनों बारिश का पानी ही नहीं, बल्कि व्यवस्था की अनदेखी भी बहती नजर आ रही है। कूड़े से जाम नालियां अब गंदगी को अपने भीतर रोकने के बजाय सड़कों पर उगल रही हैं। पुराने बस अड्डे से मेडिकल कॉलेज तक फैली बदबू और जलभराव ने नगर परिषद के सफाई दावों की हकीकत उजागर कर दी है जबकि मिंजर मेले से पहले यह स्थिति शहर की छवि और लोगों के स्वास्थ्य, दोनों के लिए चिंता का विषय बन गई है।
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। शहर की सफाई व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। नगर परिषद के बेहतर सफाई व्यवस्था के दावों के बावजूद शहर के कई हिस्सों में हालात बदतर बने हुए हैं। पुराना बस अड्डा से मेडिकल कॉलेज तक सड़क के किनारे नालियां कूड़े-कचरे से अटी पड़ी हैं। नियमित सफाई न होने से नालियों का गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। इससे राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नालियों में जमा गंदगी से उठ रही दुर्गंध ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। गर्मी और उमस के बीच बदबू के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। गंदा पानी जमा रहने से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ने लगा है। इससे डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। दुकानदारों के अनुसार कई बार नगर परिषद के अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया लेकिन अब तक ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि सफाई अभियान केवल कागजों और दावों तक सीमित है।
सबसे अधिक परेशानी पुराना बस अड्डा क्षेत्र, मुख्य बाजार और मेडिकल कॉलेज मार्ग पर देखने को मिल रही है। यहां रोजाना बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। सड़क पर बहते गंदे पानी से पैदल चलने वालों और दोपहिया वाहन चालकों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सपड़ी के पास तो जलभराव जैसी स्थित बन गई है। नगर परिषद की अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी ने बताया कि इस बारे में उचित व्यवस्था बनाई जाएगी। नियमित सफाई का प्रबंध करवाया जाएगा।
शहर में नालियों की नियमित सफाई नहीं होती है। इस कारण बारिश के दौरान नालियों की गंदगी सड़क पर बहने लगी है। इससे काफी परेशानियां पेश आती हैं। - अजय
शहर में काफी संख्या में लोग आवाजाही करते हैं। बारिश के दौरान नालियों का पानी सड़क पर बहता है। दुर्गंध फैलती है। लोगों के स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। - हरीश
नगर परिषद के बेहतर सफाई व्यवस्था के दावों और अभियानों की पोल हाल ही में हुई बारिश से खुल गई है। शहर को साफ और सुंदर रखना चाहिए। - देवेंद्र कुमार
मिंजर मेला आने वाला है। ऐसे में अगर सफाई व्यवस्था बेहतर ना हुई तो बारिश के बाद जल जनित रोगों का खतरा बढ़ सकता है। प्रशासन उचित दिशा निर्देश दें। - हितेश कुमार