बनगोटू मोहले में पसरा अंधेरा : संवाद
घंटों धधकता रहा कूड़ा, राहगीरों और स्थानीय लोगों का सांस लेना हुआ दूभर
बारिश ने बुझाई आग तो मिली राहत, कचरा जलाने पर कार्रवाई के लिए लोगों ने उठाई आवाज
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। तत्वानी के पास कचरे के ढेर में लगी आग ने आसपास के लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सुबह से दोपहर तक कचरा सुलगता रहा और इससे उठता धुआं पूरे क्षेत्र में फैलता रहा।
सड़क से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को धुएं के बीच से निकलना पड़ा। वहीं, स्थानीय लोगों को भी सांस लेने में दिक्कत का सामना करना पड़ा। शाम को हुई हल्की बारिश के बाद आग शांत हुई, जिससे लोगों ने राहत महसूस की।
स्थानीय लोगों में संजय कुमार, रोशन लाल, सुरेंद्र, अजय कुमार, केवल, सूरज और नरेश कुमार ने खुले में कचरा जलाने पर रोक लगाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इससे वातावरण प्रदूषित होने के साथ लोगों की सेहत पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर परिषद का सफाई ठेकेदार तत्वानी में कचरे के ढेर लगा रहा है। उन्होंने आशंका जताई कि कचरे के ढेर हटाने के लिए आग लगाई जा सकती है। उन्होंने संबंधित विभाग से मामले की जांच और नियमित निगरानी करने का आग्रह किया। उधर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि खुले में कचरा जलाने के मामले में नगर परिषद से जवाब मांगा जाएगा।