दीये की रोशनी के सहारे कट रहीं रातें, फाइलों में दबा रहा मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
हिमगिरी/चंबा। डिजिटल इंडिया और गांव-गांव बिजली पहुंचाने के सरकारी दावों के बीच ग्राम पंचायत चीह के गु्वाड़ी गांव से एक अलग ही तस्वीर सामने आई है।
गांव निवासी ब्यास देव का परिवार पिछले लगभग 8 वर्षों से अंधेरे में जीवन बिताने को मजबूर है। बोर्ड आज तक उनके घर तक बिजली नहीं पहुंचा पाया है।
हैरानी की बात है कि सरकार हर घर बिजली पहुंचाने के दावे करती है, दूसरी ओर, गरीब परिवार आज भी दीपक और टॉर्च के सहारे रातें काटने को मजबूर है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार बोर्ड के समक्ष मामला उठाया गया लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिले। लोगों का कहना है कि आखिर एक परिवार को 8 साल तक अंधेरे में रखने की जिम्मेदारी आखिर किसकी है।
स्थानीय लोगों ने कहा कि यदि यही स्थिति किसी बड़े या प्रभावशाली व्यक्ति के घर की होती तो शायद कुछ ही दिनों में बिजली पहुंच जाती लेकिन गरीब परिवार होने के कारण मामला वर्षों तक फाइलों में दबा रहा। उधर, बिजली बोर्ड के जेई चमन ने बताया कि जल्द संबंधित परिवार को बिजली सुविधा उपलब्ध करवा दी जाएगी।