जिले के डिपुओं में नहीं पहुंची मूंग और उड़द दाल की खेप
राशन कार्ड उपभोक्ताओं हो रहे परेशान, चने की दाल से ही चलाना पड़ रहा काम
उपभोक्ताओं को निजी दुकानों से मंहगे दामों पर खरीदनी पड़ रहीं दालें
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिले के राशन डिपुओं में मूंग और उड़द की दाल उपभोक्ताओं को नहीं मिल पाई है। इस वजह से हजारों राशन कार्ड उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा। राशन कार्ड उपभोक्ताओं को डिपुओं में इस माह सिर्फ चने की दाल ही मिली है। ऐसे में अन्य दालों की खरीद राशन कार्ड उपभोक्ताओं को निजी दुकानों से महंगे दामों से करनी पड़ी। वहीं, विभागीय अधिकारियों की मानें तो दालों का कोटा उपलब्ध नहीं है। इस कारण मूंग और उड़द की दाल उपभोक्ताओं में नहीं दी गई।
जानकारी के अनुसार वर्तमान में जिले के राशन कार्ड उपभोक्ताओं को डिपुओं से चने, उड़द और मूंग की दाल देने का प्रावधान है। मगर इस बार मूंग और उड़द की दाल की आपूर्ति नहीं मिल पाई है।
इस कारण राशन कार्ड उपभोक्ताओं को दिक्कतें पेश आ रही है। राशन कार्ड उपभोक्ता अमित कुमार, बिमला देवी, सुरेश कुमार, देवेंद्र कुमार, उपमा देवी, पुष्पा देवी, संतोष कुमारी, रीना देवी, राकेश कुमार, सुनील कुमार, प्रीतम चंद और देवराज का कहना है कि एक तरफ सरकार सस्ते राशन देने की बात करती है तो वहीं दूसरी तरफ उपभोक्ताओं को पूरा राशन नहीं दिया जाता है। कहा कि डिपुओं में कभी चीनी की आपूर्ति नहीं होती तो कभी सरसों की तेल की आपूर्ति नहीं की जाती है। ऐसे में इस बार चने की दाल से उपभोक्ताओं को सरकार ने संतुष्ट किया। जबकि मूंग और उड़द की दाल की आपूर्ति नहीं की गई। इस बात को लेकर राशन कार्ड उपभोक्ताओं में काफी रोष है। राशन कार्ड उपभोक्ताओं ने प्रदेश सरकार से मांग की कि जल्द उन्हें दालों की आपूर्ति की जाए। ताकि उन्हें राहत मिल सके।
इनसेट
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विजयेंद्र सिंह नरयाल का कहना है कि इस बार गोदामों में सिर्फ चने की दाल की खेप पहुंची। जबकि मूंग और उड़द की दाल की आपूर्ति नहीं पहुंची। उन्होंने कहा कि जैसे ही खेप पहुंचेंगी, उड़द और मूंग दाल की आपूर्ति उपभोक्ताओं को करवा दी जाएगी।