सलूणी (चंबा)। राजकीय महाविद्यालय सलूणी के 84 विद्यार्थियों ने क्रैक अकादमी की ओर से आयोजित छात्रवृत्ति परीक्षा को उत्तीर्ण किया है। यह परीक्षा मेरे शहर के 100 रत्न कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई थी। अब इन विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए निशुल्क कोचिंग मिलेगी।
इस परीक्षा में कॉलेज के 160 ऑन-रोल और छह ऑफ-रोल विद्यार्थियों ने भाग लिया। इस छात्रवृत्ति परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में शैक्षणिक प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा देना, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की पहचान करना, उन्हें वित्तीय सहायता और मार्गदर्शन प्रदान करना था। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. मोहिंद्र सलारिया ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्टता के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की। उन्होंने क्रैक एकेडमी का भी आभार व्यक्त किया कि उसने ग्रामीण युवाओं को शैक्षणिक रूप से प्रेरित करने और राष्ट्रीय स्तर पर अवसर प्राप्त करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध करवाया।