चंबा। उपमंडल भरमौर की एक राजकीय प्राथमिक पाठशाला में तीसरी के छात्र की पिटाई के मामले में विभाग की गठित कमेटी ने जांच शुरू कर दी है। मंगलवार को स्कूल पहुंचे कमेटी के सदस्यों ने आरोपी शिक्षक पूछताछ की। अब इसकी रिपोर्ट बनाकर प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक कार्यालय में भेजी जाएगी। इस मौके चाइल्डलाइन टीम भी मौजूद रही। वहीं, दूसरी तरफ बच्चे के अभिभावक मौके पर नहीं पहुंचे थे। बच्चे को मेडिकल कॉलेज चंबा से मंगलवार को डिस्चार्ज करा दिया है।
उल्लेखनीय है कि अभिभावकों ने शिक्षक पर बच्चे से मारपीट के आरोप लगाए हैं। अभिभावकों का कहना है कि इस पिटाई में बच्चे के कान का पर्दा फट गया है। हालांकि ऑपरेशन के बाद अब बच्चा स्वस्थ है। उधर, प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक चंबा बलवीर सिंह ने बताया कि जांच के लिए कमेटी का गठन किया है। मौके पर टीम मंगलवार को पहुंची। जांच रिपोर्ट मांगी गई है। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई की जाएगी।