अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। टेपा स्थित डिपो होल्डर की ओर से की गई राशन की कालाबाजारी मामले में जिला खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। विभाग ने इस संदर्भ में इंस्पेक्टर को सख्त आदेश दिए हैं। आदेशों के अनुसार कितना राशन डिपो होल्डर को जारी किया और कितना राशन लोगों तक नहीं पहुंचा, इसके बारे में पूरी जानकारी देनी होगी। विभाग ने इसे जल्द जमा करवाने के आदेश निरीक्षक को दिए हैं। गौरतलब है कि बीते दिनों तीसा के टेपा में डिपो होल्डर द्वारा राशन की कालाबाजारी करने का मामला प्रकाश में आया था। करीब 63 क्विंटल राशन तीसा पुलिस की टीम ने डिपो होल्डर के पतोगण स्थित स्टोर से बरामद किया। पुलिस ने भादंसं की धारा 409 व खाद्य अधिनियम की धारा 3 व 4 के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है। विभागीय जांच भी की जा रही है।
जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक विजयेंद्र नरयाल ने बताया कि इस मामले को लकर निरीक्षक से मामले की विस्तृत रिपोर्ट मांगी गई है। कहा कि राशन वितरण का ब्योरा भी तलब किया है। कहा कि निरीक्षक को यह रिपोर्ट जल्द उपलब्ध करवाने के आदेश दिए गए हैं।