चंबा। ऐतिहासिक चौगान में 29 नवंबर को रेडक्रॉस मेले का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेडक्रॉस सोसायटी हरिकेश मीणा ने कहा कि इस मेले को हर पहलू से सफल बनाए जाने में समाज के हर वर्ग का सक्रिय सहयोग आवश्यक है। उन्होंने आह्वान करते हुए कहा कि ज्यादा से ज्यादा लोग मेले में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें ताकि जिस मकसद से इस मेले का आयोजन किया जा रहा है, वह पूरा हो सके।
उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस गरीब और असहाय लोगों की मदद करने के लिए हर समय तत्पर रहती है। रेडक्रॉस सोसायटी वित्तीय तौर पर जितनी सुदृढ़ होगी यह मानवता की सेवा भी उसी के अनुरूप कर सकेगी। उपायुक्त ने यह भी कहा कि लोग रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य बन कर इस पुनीत कार्य का हमेशा के लिए हिस्सा बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस मेले के अवसर पर रेडक्रॉस सोसायटी एक लकी ड्रॉ भी निकालेगी जिसके माध्यम से लोग 35 इनाम हासिल कर सकते हैं। पहला इनाम मोटरसाइकिल रखा गया है। इसके अलावा वॉशिंग मशीन, एलईडी टेलीविजन और एक्वागार्ड के भी एक-एक इनाम शामिल हैं। लकी ड्रॉ में 3 मिक्सर ग्राइंडर, 3 इलेक्ट्रिक कैटल, 5 इलेक्ट्रिक इंडक्शन, 5 इलेक्ट्रिक हीटर, 5 आयरन प्रेस और 10 दीवार घड़ियां भी जीती जा सकती हैं। इस ड्रॉ के लिए प्रति कूपन मूल्य 20 रुपये तय किया गया है। लकी ड्रॉ में हिस्सा लेने वाले लोग रेडक्रॉस सोसाइटी कार्यालय से किसी भी कार्य दिवस को कूपन खरीद सकते हैं। लकी ड्रॉ 29 नवंबर को ही शाम 5 बजे निकाला जाएगा। रेसक्रॉस मेले में जहां मुख्य अतिथि द्वारा मेडिकल उपकरण वितरित किए जाएंगे, वहीं बाल आश्रम के बच्चों में ट्रैक सूट भी वितरित होंगे। इसके अलावा डॉग शो, फ्लावर शो, बेबी शो, फैंसी ड्रेस कंपीटिशन समेत रस्साकशी और मटका फोड़ प्रतियोगिताएं भी मेले के दौरान आयोजित होंगी। इस मौके पर विशेष तौर से एक रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया जा रहा है।