चंबा। ग्रीष्मकालीन स्कूलों में शुरू होने वाली नौवीं और जमा एक कक्षा की वार्षिक परीक्षाओं को लेकर प्रश्न पत्र स्कूल प्रभारियों को विभाग के कार्यालय से लेने होंगे। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा विभाग ने सभी स्कूल प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। निर्देशों के अनुसार सभी स्कूल प्रभारियों को कक्षाओं के प्रश्न पत्र आठ मार्च से पहले विभाग के कार्यालय से लेने होंगे।
इस मामले में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अगर कोई स्कूल प्रभारी आठ मार्च से पहले प्रश्न पत्र विभाग के कार्यालय से लेने के लिए नहीं पहुंचता है तो वह इस लापरवाही के लिए वे स्वयं जिम्मेवार होंगे। शिक्षा विभाग की ओर से इस तरह के निर्देश जारी करने का मकसद स्कूल प्रभारियों को प्रश्नपत्र समय पर देना है। ताकि प्रश्नपत्रों की वजह से परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न आए। उच्च शिक्षा विभाग की ओर से इस सूचना ई-मेल और विशेष संदेश वाहक के माध्यम से भी स्कूल प्रभारियों को दे दी गई है।
गौरतलब है कि जिले के ग्रीष्मकालीन स्कूलों में नौवीं और जमा एक की वार्षिक परीक्षा दस मार्च से शुरू हो रही है। इसके लिए विभाग के पास प्रश्नपत्रों की खेप पहुंच चुकी है। शिक्षा विभाग ने प्रश्नपत्रों की खेप पहुंचते ही स्कूल प्रभारियों को इस बारे में सूचित कर दिया है।
इसके साथ ही स्कूल में परीक्षाओं को लेकर तैयारियां पूरी करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं। आठ मार्च तक हर हाल में स्कूल प्रभारियों को विभाग के कार्यालय यह प्रश्नपत्र लेने होंगे। अन्यथा इस लापरवाही के लिए स्कूल प्रभारी स्वयं जिम्मेवार होंगे।
कार्यवाहक उच्च शिक्षा उपनिदेशक जलालदीन ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस बारे में समस्त स्कूल प्रभारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि आठ मार्च तक स्कूल प्रभारियों को प्रश्नपत्र विभाग के कार्यालय से लेने होंगे। अन्यथा लेटलतीफी के लिए स्कूल प्रभारी खुद जिम्मेवार होंगे।