चंबा। सोमवार दोपहर बाद मौसम खराब होने से जहां ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया तो वहीं निचले क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि हुई। इसके चलते जिले का तापमान लुढ़क गया है। हालांकि सुबह के समय मौसम खराब था।
मगर दोपहर बाद मौसम की करवट से बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। पांगी घाटी के ऊंचाई वाले इलाके हुडान, चेहणी जोत, साचपास और परमार धार, भरमौर के मणिमहेश और कुगती में हल्की बर्फबारी हुई।
किहार सेक्टर के अधीन आने वाले गुल्लू मंडी, सौणतीथ, मराली धार, चोंड़ी की घोड़ी में भी हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। जबकि तीसा सेक्टर की ऊंची चोटियों में भी हिमपात हुआ है। वहीं, निचले क्षेत्रों में बारिश होने से ठंड बढ़ गई है।
पर्यटन नगरी डलहौजी में बारिश से मौसम कूल-कूल हो गया है। पिछले दो दिनों से आसमान बादलों से घिरे रहे। इसके चलते ठंड का प्रकोप जारी रहा। सोमवार को दोपहर बाद मौसम में परिवर्तन हुआ और मूसलाधार बारिश के चलते ठंड बढ़ गई। वहीं दूसरी ओर बारिश के बाद किसान व बागवान चहक उठे हैं। किसान और बागवान फसलों के लिए बारिश को लाभप्रद बता रहे हैं।