सिविल अस्पताल में मेडिकल कॉलेज चलाने की अफवाहों को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने किया खत्म
कहा, सरोल में मेडिकल कॉलेज बनाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा में शीघ्र ही 190 करोड़ रुपये की लागत से सरोल में मेडिकल कॉलेज का नया भवन बनेगा। इसको लेकर टेंडर प्रकिया शुरू हो चुकी है। यह बात केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री सोमवार को चंबा दौरे के दौरान कही। इसके साथ ही चंबा शहर और सरोल में मेडिकल कॉलेज निर्माण को चल रही अटकलों को विराम लग गया है। उन्होंने कहा कि तब तक सिविल अस्पताल चंबा में ही मेडिकल कॉलेज चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए केंद्र की ओर से बजट भी जारी हो चुका है।
सरकार चंबा में बनने वाले मेडिकल कॉलेज को लेकर विशेष ध्यान दे रही है। टेंडर को लेकर औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। मेडिकल कॉलेज का नक्शा तैयार हो चुका है। टेंडर होने के बाद संबंधित ठेकेदार को जल्द कार्य पूरा करने के निर्देश दिए जाएंगे। सरोल में मेडिकल कॉलेज का भवन बनने के बाद सिविल अस्पताल से मेडिकल कॉलेज को शिफ्ट कर दिया जाएगा। सिविल अस्पताल की कार्यप्रणाली पहले की तरह ही रहेगी। सिविल अस्पताल से गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीजों और दुर्घटना के घायलों को मेडिकल कॉलेज में रेफर किया जाएगा। मेडिकल कॉलेज में हर बीमारी का इलाज किया जाएगा। इसके साथ ही सभी टेस्टों की सुविधा भी उपलब्ध होगी। मरीजों और डॉक्टरों की गाड़ियों के लिए पार्किंग की सुविधा भी मिलेगी। उन्होंने कहा कि मेडिकल कॉलेज के निर्माण में बजट बढ़ाने की आवश्यकता हुई तो केंद्र सरकार बजट में बढ़ोतरी भी कर सकता है। उनका मुख्य उद्देश्य लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाना है। यह मेडिकल कॉलेज में मिलेगी। प्रदेश में तीन नए मेडिकल कॉलेज खोले गए हैं। इससे लोगों को काफी लाभ हुआ है। आने वाले समय में स्वास्थ्य केंद्रों में डॉक्टरों की कमी दूर होगी। मेडिकल कॉलेज से निकलने वाले एमबीबीएस को स्वास्थ्य केंद्रों में तैनात किया जाएगा।