संत निरंकारी सत्संग भवन मुगला में रक्तदान शिविर का आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। संत निरंकारी सत्संग भवन मुगला में निरंकारी चैरिटेवल फाउंडेशन के तत्वावधान में मानव एकता दिवस मनाया गया। इस मौके पर रक्त दान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन सहायक महानिदेशक दूरसंचार विभाग भारत सरकार शैलेश हितैषी और डॉ. कारण हितैषी ने किया।
पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल चंबा से डॉक्टरों की एक टीम ने रक्त एकत्रित किया। इस अवसर पर डलहौजी, खज्जियार, बनीखेत, बकलोह, चुवाड़ी, राख, जांघी, मैहला, साहो, जड़ेरा, मंगला क्षेत्रों से आए मिशन के अनुयायियों ने रक्तदान किया। शिविर में 79 यूनिट ब्लड एकत्रित किया गया। इसमें 21 महिला और 58 पुरुषों ने रक्त दान किया। महात्मा दीपक भारद्वाज की अध्यक्षता में समागम कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
इस दौरान दूरदराज के क्षेत्रों से आए सैंकड़ों भक्तों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई। सत्संग का शुभारंभ आरती वंदना से किया गया। संतों, महात्माओं ने सद्गुरु माता सुदीक्षा महाराज की शिक्षाओं को अपने भजनों और विचारों के जरिये व्यक्त किया। मंच पर विराजमान महात्मा दीपक भारद्वाज ने अपने सार गर्भित प्रवचनों से साध संगत को भाव विभोर किया। महात्मा ने कहा कि ‘मानव एकता दिवस’, निरंकारी मिशन की ओर से हर वर्ष 24 अप्रैल को बाबा गुरबचन सिंह की पावन स्मृति में श्रद्धा और आध्यात्मिक भावनाओं से परिपूर्ण वातावरण में आयोजित किया जाता है। यह दिन केवल पुण्य स्मरण का अवसर नहीं, अपितु मानवता, सौहार्द और एकत्व की भावनाओं का एक आत्मिक संगम है। ये जानकारी मीडिया सहायक विनोद कुमार ने दी।