चंबा कॉलेज बीसीए विभाग के तत्वाधान में वेब डेवलपमेंट एवं वेब सिक्योरिटी विषय पर आयोजित कार्यशाल
बीसीए छठे सेमेस्टर के विद्यार्थी सक्रिय रूप से कार्यशाला में ले रहे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। राजकीय महाविद्यालय चंबा के बीसीए विभाग के तत्वावधान में वेब डेवलपमेंट एवं वेब सिक्योरिटी विषय पर कार्यशाला शुरू की गई है। कार्यशाला 5 मई 2025 तक चलेगी। बीसीए विभाग के समन्वयक डॉ. तेज सिंह ने कहा कि कार्यशाला में बीसीए छठे सेमेस्टर के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। कार्यशाला का संचालन राजस्थान से विशेषज्ञ एवं एएसडी अकादमी कोटा की सीईओ रिद्धि सोराल कर रही हैं।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. मदन लाल गुलेरिया ने कहा कि कार्यशाला के बाद विद्यार्थी अपनी वेबसाइट को बेहतर बनाने और इसे ऑनलाइन अधिक प्रभावी ढंग से उपयोग करने के लिए कौशल प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा डिजिटल दुनिया के लिए तैयार होंगे, वेबसाइट को सुरक्षित बनाने और हैकिंग और अन्य साइबर खतरों से बचाने के लिए आवश्यक ज्ञान प्राप्त करेंगे। बताया कि वेब डेवलपमेंट और वेब सुरक्षा कार्यशाला से विद्यार्थियों को वेबसाइट विकसित करने और सुरक्षित करने के लिए आवश्यक कौशल और ज्ञान प्राप्त होगा। इस तरह की कार्यशाला व्यक्तिगत और व्यावसायिक दोनों स्तरों पर लाभ प्रदान करते हैं। जिससे विद्यार्थी करियर के अवसरों में वृद्धि कर सकते हैं और अधिक प्रभावी ढंग से डिजिटल दुनिया का उपयोग कर सकते हैं। इस कार्यशाला का उद्देश्य विद्यार्थियों को वेब तकनीक की बारीकियों एवं वेब सिक्योरिटी के महत्व से परिचित कराना है। जिससे वे आने वाले समय में उद्योग जगत की आवश्यकताओं के अनुरूप स्वयं को तैयार कर सकें।
कार्यशाला का आयोजन प्राचार्य डॉ. मदन लाल गुलेरिया के मार्गदर्शन तथा डॉ. तेज सिंह के नेतृत्व में किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बीसीए विभाग के अध्यापकों में पंकज महाजन, रीना शर्मा, नेहा भारद्वाज तथा अमीना भी कार्यशाला के संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।