चंबा में खेलकूद प्रतियोगिता के शुभारंभ के दौरान मुख्यतिथि और अन्य गणमान्य।संवाद
67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 मेजर गेम्स शुरू, पांच खेलों में भिड़ेंगी टीमें
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने किया शुभारंभ
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। ऐतिहासिक चौगान में शुक्रवार को 67वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 छात्र वर्ग मेजर गेम्स का आगाज हुआ। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने ध्वजारोहण कर चार दिवसीय प्रतियोगिता का शुभारंभ किया और खिलाड़ियों के मार्च पास्ट की सलामी ली। विधायक नीरज नैय्यर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी जिलों से करीब 750 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। फुटबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, हैंडबॉल और रग्बी की स्पर्धाओं में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। प्रतियोगिता के शुभारंभ पर विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नशे के दुष्प्रभावों पर आधारित लघु नाटिका आकर्षण का केंद्र रही।
कार्यक्रम के दौरान चंबा की बेटी सीमा कुमारी की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए खिलाड़ियों से उनसे प्रेरणा लेने का आह्वान किया गया। हिमाचल प्रदेश स्कूली क्रीड़ा संघ की ओर से विधानसभा अध्यक्ष को सम्मानित किया गया।
उच्च शिक्षा उपनिदेशक विकास महाजन ने खिलाड़ियों से अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की। इस अवसर पर उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी, जिला परिषद अध्यक्ष रेखा ठाकुर, नगर परिषद अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।